यूपी में इस सड़क का होगा चौड़ीकरण, 6 जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जाम, संकरी सड़क और भारी वाहनों के दबाव से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बांदा-टांडा मार्ग को फोर लेन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए करीब 6500 करोड़ रुपये की लागत से विस्तृत परियोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है।

आपको बता दें की यूपी का यह महत्वपूर्ण सड़क बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर समेत छह जिलों को जोड़ती है। सड़क चौड़ी होने से लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

फोर लेन बनने से सफर होगा आसान

एनएचएआई का मानना है कि सड़क फोर लेन बनने के बाद यात्रा का समय कम होगा और यातायात अधिक सुरक्षित बनेगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

बहुआ और शाह कस्बे में बनेगा बाईपास

एनएचएआई ने बहुआ और शाह कस्बों में बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बाईपास निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार किया है। इससे कस्बों के भीतर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और भारी वाहन सीधे बाईपास से गुजर सकेंगे। इस कदम से स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी और बाजारों में भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

300 किलोमीटर मार्ग पर बनेगा डिवाइडर

पूरे 300 किलोमीटर लंबे मार्ग पर डिवाइडर लगाने की योजना भी तैयार की गई है। इसका मकसद वाहनों को सही दिशा में नियंत्रित रखना और दुर्घटनाओं को कम करना है। डिवाइडर बनने से आमने-सामने की टक्कर की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

नए पुल और फ्लाईओवर का भी प्रस्ताव

फतेहपुर बाइपास में मौजूदा आरओबी के पास दूसरा रेलवे ओवरब्रिज बनाने की तैयारी है, ताकि वाहनों की आवाजाही बिना रुके जारी रह सके। वहीं लखनऊ बाइपास पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है, जिससे बांदा-टांडा मार्ग से आने वाले वाहन आसानी से कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर चढ़ सकें। इसके अलावा बांदा के बेंदा गांव में यमुना नदी और फतेहपुर के असनी गांव में गंगा नदी पर नए पुलों के निर्माण की योजना भी तैयार की गई है।

स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा काम

एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही सड़क चौड़ीकरण, पुल, फ्लाईओवर और बाईपास निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना क्षेत्र के यातायात और विकास की तस्वीर बदल देगी।

0 comments:

Post a Comment