बिहार में बिगड़ेगा मौसम, 9 जिलों में आंधी-पानी के आसार

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। राज्य में एक तरफ तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 24 मई को लेकर कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बिहार के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही मानसूनी गतिविधियां भी धीरे-धीरे सक्रिय होने लगी हैं।

इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। विशेष रूप से अररिया और किशनगंज में भारी बारिश के आसार बताए गए हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अगले दिनों में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटों के बाद बिहार के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 26 मई के आसपास राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, सहरसा और अन्य जिलों में तेज धूलभरी आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वहीं लू प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पानी पीने और दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

0 comments:

Post a Comment