यूपी के ये सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद, छुट्टी की लिस्ट जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड के चलते स्कूलों के समय और अवकाश में बदलाव किया गया है। माध्यमिक स्कूल दो जनवरी, 2026 से खुलेंगे, जबकि प्राथमिक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी तक रहेगा। इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं।

माध्यमिक स्कूलों का नया समय

मौसम विभाग की सर्दी की चेतावनी के मद्देनजर माध्यमिक स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। पहले ये स्कूल साढ़े नौ से साढ़े तीन बजे तक खुलते थे।

प्राथमिक स्कूलों में लंबा अवकाश

प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। यह अवकाश बेसिक शिक्षा विभाग के कैलेंडर में दर्ज किया गया है।

निजी स्कूलों में छुट्टियों का अलग समय

निजी स्कूल अपने शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार छुट्टियां घोषित करते हैं। ज्यादा ठंड होने पर जिलाधिकारी निजी स्कूलों को भी अवकाश मानने का निर्देश दे सकते हैं।

कुल अवकाश और विद्यालयी दिनों का विवरण

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नए साल 2026 के लिए छुट्टियों का कैलेंडर जारी किया है। इसके अनुसार: गर्मी की छुट्टियों और रविवार समेत कुल 112 दिन विद्यालय बंद रहेंगे। बोर्ड परीक्षाओं के लिए 15 दिन छुट्टी निर्धारित है। विद्यालयों में 238 दिन पढ़ाई और अन्य गतिविधियां होंगी। वर्षभर 28 दिन सार्वजनिक अवकाश होंगे। जबकि गर्मी की छुट्टियां 21 मई से 30 जून तक होंगी। विशेष परिस्थितियों में प्रधानाचार्य अपने विवेकाधीन तीन दिन की छुट्टी घोषित कर सकते हैं।

महिलाओं के लिए विशेष छुट्टियां

माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत विवाहित महिलाओं को करवा चौथ की छुट्टी दी जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र विशेष पर हरितालिका तीज, संकठा चतुर्थी, ललई छठ, जिउतिया व्रत, अहोई अष्टमी जैसे व्रतों पर भी महिला शिक्षिकाओं को छुट्टी दी जा सकेगी।

विद्यालयों में कार्यक्रम और शोक सभा

राष्ट्रीय पर्वों और महापुरुषों/स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े क्रांतिकारियों के जन्म दिवस पर विद्यालयों में कार्यक्रम और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। यदि ऐसे दिन अवकाश हो, तो कार्यक्रम एक दिन बाद संपन्न होंगे। शोक सभा केवल शिक्षक, कर्मचारी या छात्र-छात्रा के निधन पर आयोजित की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment