यूपी के इस शहर में पान, बीड़ी, सिगरेट और शराब बैन

अयोध्या/ यूपी:

यूपी के अयोध्या में अयोध्या में धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति ने राम पथ के 14 किलोमीटर लंबे हिस्से में शराब, मांस, पान-बीड़ी, गुटखा और सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया है। इसके साथ ही पुरुषों और महिलाओं के अंतःवस्त्र (अंडरगार्मेंट्स) के विज्ञापनों पर भी रोक लगा दी गई है।

बता दें की राम मंदिर से जुड़े इस मार्ग पर यह प्रतिबंध सरयू नदी के तट से लेकर फैजाबाद शहर तक लागू किया जाएगा। इस फैसले की घोषणा नगर निगम के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को की। उन्होंने बताया कि यह कदम अयोध्या की “सच्ची धार्मिक भावना” को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पहले से बंद थी बिक्री, अब बढ़ा दायरा

गौरतलब है कि अयोध्या शहर के भीतर मांस और शराब की बिक्री पहले से ही बंद है, लेकिन फैजाबाद से सटे राम पथ के कुछ हिस्सों में अभी तक यह बिक्री जारी थी। अब नगर निगम का यह फैसला राम पथ के पूरे क्षेत्र में यह प्रतिबंध लागू करेगा, जिसमें फैजाबाद शहर के भी कुछ हिस्से शामिल होंगे।

धार्मिक और सांस्कृतिक संरक्षण का उद्देश्य

रामपथ, जो अयोध्या और फैजाबाद शहरों को जोड़ता है, धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थल स्थित हैं। मंदिर निर्माण के बाद से अयोध्या में विरासत संरक्षण और विकास के बीच संतुलन कायम करने के प्रयास तेज हुए हैं। इसके तहत अतिक्रमण हटाने की मुहिम भी चल रही है।

अयोध्या में क्रियान्वयन की समयसीमा जल्द

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, प्रतिबंधों के क्रियान्वयन की रूपरेखा और समयसीमा जल्द घोषित की जाएगी। यह फैसला न सिर्फ स्थानीय प्रशासन की सोच को दर्शाता है, बल्कि अयोध्या को एक आदर्श धार्मिक नगरी के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment