लुधियाना: पंजाब में 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

लुधियाना: पंजाब में इस समय भीषण गर्मी का दौर चल रहा है, लेकिन राहत की खबर यह है कि आने वाले दिनों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 1 मई से लेकर 4 मई और फिर 7 मई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य में यलो और ऑरेंज अलर्ट भी प्रभावी रहेगा।

तापमान में गिरावट, बठिंडा सबसे गर्म

हालांकि, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पूरे पंजाब में औसतन तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। चंडीगढ़ में तापमान 2.6 डिग्री गिरकर 35.9 डिग्री पर पहुंच गया है। बठिंडा अब भी सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

चक्रवाती हवाओं के कारण बदलेगा मौसम

दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इसका असर पंजाब के मौसम पर भी पड़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी 72 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

राज्य के किसानों को अलर्ट रहने की सलाह

मौसम विभाग ने साफ किया है कि 1 मई से मौसम में भारी बदलाव होगा। ऐसे में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने किसानों से कहा है कि वे फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखें।

क्या कहता है अलर्ट

1 से 4 मई और 7 मई: हल्की बारिश की संभावना

तेज हवाएं: 30–40 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से चल सकती हैं

बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है: यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

0 comments:

Post a Comment