डॉलर की अकड़ टूटी! रुपये ने मारी लंबी छलांग, 7 महीने बाद पहली बार रिकॉर्ड स्तर

नई दिल्ली। भारतीय रुपये के लिए विदेशी मुद्रा बाजार से बड़ी राहत की खबर आई है। डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी दिन मजबूती देखने को मिली। शुक्रवार को रुपया 65 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 92.67 (प्रोविजनल) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। खास बात यह है कि 10 अप्रैल के बाद पहली बार रुपये ने 93 का स्तर पार करते हुए डॉलर को पीछे छोड़ा है।

पांच दिनों में रुपये ने दिखाई ताकत

इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 93.25 प्रति डॉलर पर खुला था। कारोबार के दौरान इसमें लगातार सुधार हुआ और अंत में यह 92.67 पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को रुपया 93.32 के स्तर पर बंद हुआ था। 13 नवंबर को डॉलर के मुकाबले रुपया 94.19 पर था। इस तरह पिछले पांच कारोबारी सत्रों में भारतीय मुद्रा में करीब 1.5 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई है। इस महीने रुपये की बढ़त दो फीसदी से अधिक रही है।

विदेशी निवेशकों ने बाजार में लगाया पैसा

रुपये की मजबूती के पीछे विदेशी निवेशकों की वापसी को बड़ी वजह माना जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में 84,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।  वहीं, इस महीने अब तक उनका निवेश 12 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच चुका है। गुरुवार को ही विदेशी निवेशकों ने 7,411.41 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और घरेलू शेयर बाजार में खरीदारी से भी रुपये को समर्थन मिला।

रुपए में तेजी से आम लोगों को क्या होगा फायदा?

रुपये की मजबूती का सीधा फायदा आयात पर निर्भर भारत जैसे देश को मिल सकता है। इससे विदेश से आने वाला कच्चा तेल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य उत्पाद सस्ते हो सकते हैं। भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए रुपये की मजबूती से तेल आयात का खर्च घटने की संभावना रहती है। इसके अलावा विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों और विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों को भी राहत मिल सकती है। हालांकि, मजबूत रुपये से भारतीय निर्यातकों की कमाई पर दबाव पड़ सकता है।

रुपये की मजबूती से कच्चे तेल और शेयर बाजार में भी तेजी

रुपये की मजबूती के साथ घरेलू शेयर बाजार में भी शानदार खरीदारी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 897.96 अंक उछलकर 83,919.71 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 286.30 अंक की बढ़त के साथ 25,800.60 पर पहुंच गया। दूसरी तरफ ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.14 फीसदी गिरकर 90.93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।

0 comments:

Post a Comment