यूपी के पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले! सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी खुशखबरी, जानें पूरा मामला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत की खबर आई है। अदालत ने राज्य सरकार के दो ऐसे कानूनों को असंवैधानिक करार दिया है, जिनके कारण नियमित किए गए कर्मचारियों की शुरुआती सेवा को पेंशन की गणना में शामिल नहीं किया जा रहा था। इस फैसले से हजारों पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने 18 नवंबर को दिए फैसले में उत्तर प्रदेश पेंशन हेतु अर्हक सेवा एवं विधिमान्यकरण अधिनियम, 2021 और उत्तर प्रदेश पेंशन पात्रता एवं विधिमान्यकरण अधिनियम, 2025 को असंवैधानिक घोषित कर दिया।

अब पुरानी सेवा भी पेंशन में होगी शामिल

अदालत ने साफ किया कि अगर किसी कर्मचारी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियमित कर दिया गया है, तो उसकी शुरुआती नियुक्ति अस्थायी, वर्कचार्ज, दैनिक वेतन या मस्टर रोल पर होने के आधार पर पेंशन लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता।

इसका मतलब है कि पात्र कर्मचारियों की नियमित होने से पहले की सेवा को भी पेंशन की अर्हक सेवा में जोड़ा जाएगा। उदाहरण के लिए, किसी कर्मचारी ने 15 साल वर्कचार्ज और 20 साल नियमित कर्मचारी के रूप में काम किया है, तो पेंशन की पात्रता तय करते समय उसकी शुरुआती 15 साल की सेवा को भी ध्यान में रखा जाएगा।

छह महीने में निपटाने होंगे पेंशन के मामले

सुप्रीम कोर्ट ने पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने संबंधित विभाग में सेवा का पूरा रिकॉर्ड देकर पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का दावा करने की अनुमति दी है। अधिकारियों को ऐसे दावों पर छह महीने के भीतर निर्णय लेना होगा। इसके अलावा, अगर किसी कर्मचारी का दावा खारिज किया जाता है तो उसे अपना पक्ष रखने का मौका देना होगा। साथ ही विभाग को अस्वीकृति का कारण लिखित रूप में बताना पड़ेगा।

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?

इस फैसले से लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, भूजल विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों के उन कर्मचारियों को राहत मिल सकती है, जिन्होंने नियमित होने से पहले वर्कचार्ज, अस्थायी, दैनिक वेतनभोगी या मस्टर रोल पर सेवाएं दी थीं।

हालांकि, इसका लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। ऐसे में पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह फैसला पेंशन और अन्य रिटायरमेंट लाभों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment