केंद्र सरकार की बड़ी पहल! बाइक-स्कूटी मालिकों के लिए खुशखबरी, अब कर सकेंगे कमाई

नई दिल्ली। बाइक और स्कूटी रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब निजी दोपहिया वाहन मालिकों के लिए भी रैपिडो, ओला और उबर जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए बाइक टैक्सी चलाकर अतिरिक्त कमाई करने का रास्ता खुल सकता है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्य सरकारों से इस व्यवस्था को अनुमति देने की अपील की है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि इससे लाखों दोपहिया वाहन मालिकों को रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल सकता है। साथ ही आम यात्रियों को कम खर्च में एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

क्या है केंद्र सरकार की योजना?

दरअसल, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जुलाई 2025 में मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस जारी की थीं। इन दिशा-निर्देशों के तहत राज्य सरकारों को निजी यानी गैर-परिवहन दोपहिया वाहनों को एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्री सेवाएं देने की अनुमति देने का अधिकार दिया गया है।

गडकरी ने राज्य परिवहन आयुक्तों से इन दिशा-निर्देशों को लागू करने की अपील की है। हालांकि, इसके लिए संबंधित राज्य सरकार की मंजूरी जरूरी होगी। यानी केंद्र की गाइडलाइंस जारी होने मात्र से पूरे देश में बाइक टैक्सी चलाने की अनुमति अपने आप नहीं मिल जाती।

15 से 20 करोड़ लोगों को मिल सकता है फायदा

नितिन गडकरी के मुताबिक, इस व्यवस्था से 15 से 20 करोड़ लोगों के लिए आजीविका और रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है। जिन लोगों के पास पहले से बाइक या स्कूटी है, वे इसका इस्तेमाल अतिरिक्त कमाई के लिए कर सकेंगे। इससे यात्रियों को भी सस्ता परिवहन विकल्प मिल सकता है। खासकर बड़े शहरों में जहां ट्रैफिक की समस्या रहती है, वहां बाइक टैक्सी उपयोगी साबित हो सकती है।

किन राज्यों में लागू हुई व्यवस्था?

गडकरी के अनुसार, राजस्थान ने इन दिशा-निर्देशों को पूरी तरह लागू किया है, जबकि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आंशिक रूप से कदम उठाए गए हैं। अन्य राज्यों से भी इसे लागू करने की अपील की गई है।

बाइक टैक्सी चालकों को मिलेंगी ये सुविधाएं

नई एग्रीगेटर व्यवस्था में चालकों के हितों का भी ध्यान रखा गया है। इसके तहत किराये का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा चालक को देने, स्वास्थ्य और टर्म इंश्योरेंस की सुविधा, एक से अधिक प्लेटफॉर्म पर काम करने और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था जैसे प्रावधान शामिल हैं। हालांकि, निजी बाइक या स्कूटी से टैक्सी सेवा शुरू करने से पहले संबंधित राज्य के नियम और अनुमति जरूर जांचनी होगी।

0 comments:

Post a Comment