न्यूज डेस्क: मिली जानकारी के अनुसार इजरायल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और संसद के स्पीकर बेनी गेंट्ज के बीच मिलकर सरकार चलाने की सहमति बन गई है। इससे गेंट्ज को समर्थन देने वाले मतदाताओं को तगड़ा झटका लगा है जिन्होंने लगातार तीन चुनावों में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के खिलाफ गेंट्ज की ब्ल्यू एंड व्हाइट पार्टी का समर्थन किया था। हजारों लोगों ने सार्वजनिक तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
गुरुवार को संसद के स्पीकर पद के चुनाव में गेंट्ज की उम्मीदवारी का लिकुड पार्टी ने समर्थन किया था। इससे गेंट्ज निर्विरोध चुने गए थे। इससे सत्तारूढ़ लिकुड पार्टी और विपक्ष की भूमिका में चुनाव लड़ी ब्ल्यू एंड व्हाइट पार्टी के बीच समझौता होने के संकेत मिले थे।
इस चुनाव के बाद ब्ल्यू एंड व्हाइट पार्टी के साथ गठबंधन में शामिल कई पार्टियों के नेताओं ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने भ्रष्टाचार के आपराधिक मामलों में फंसे नेतन्याहू के साथ गेंट्ज के जाने पर सवाल उठाए थे। नेतन्याहू पर लगे आरोपों की अदालत में जल्द ही सुनवाई होने वाली है।
गेंट्ज ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस से पैदा हुई बुरी स्थिति को देखते हुए नेतन्याहू के साथ उन्होंने समझौता किया है। 87 लाख की आबादी वाले इजरायल में कोरोना वायरस पीड़ित लोगों का आंकड़ा तीन हजार को पार कर चुका है, दस लोगों की मौत भी हो चुकी है।

0 comments:
Post a Comment