यूपी के प्रयागराज से 7 शहरों के लिए सीधी उड़ानें

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ के मद्देनजर राज्य और केंद्र सरकार यात्रियों को बेहतर सहूलियत देने के प्रयासों में जुटी हुई हैं। इस कड़ी में, प्रयागराज से देश के बड़े शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया है। 

खबर के अनुसार एलायंस एयर ने प्रयागराज से सात प्रमुख शहरों—देहरादून, जबलपुर, जयपुर, कोलकाता, गुवाहाटी, चंडीगढ़ और भुवनेश्वर—के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा है। यह सेवाएं अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। इनमें से कोलकाता को छोड़कर बाकी शहरों के लिए हफ्ते में एक दिन फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा, प्रयागराज एयरपोर्ट के टर्मिनल का विस्तार भी पूरा कर लिया गया है, जिससे अब यात्रियों की ठहरने की क्षमता दोगुनी हो गई है। एप्रन क्षेत्र का भी विस्तार हुआ है, जिससे अब यहां सात बड़े और आठ छोटे विमानों की पार्किंग की सुविधा हो सकेगी। टर्मिनल में अब 850 यात्रियों के समायोजन की क्षमता है।

इसके अलावा, वर्तमान में प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और रायपुर के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। महाकुंभ के आयोजन के दौरान इन हवाई सेवाओं का विस्तार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

0 comments:

Post a Comment