फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र की स्थिति में बदलाव के साथ मानसूनी प्रणाली उत्तर की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। यही वजह है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
तापमान में मिल सकती है राहत
हालांकि पूरे अगस्त महीने में औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है, लेकिन इस सप्ताह लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात का भी अलर्ट
भारी बारिश के साथ प्रदेश के अनेक जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी व्यक्त की गई है। पूर्वांचल, अवध, तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
किसानों के लिए राहत, आमजन रहें सावधान
लगातार बारिश से धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर शहरी इलाकों में जलभराव, फिसलन और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment