यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 239 BDO और 277 नायब तहसीलदारों को मिली नई तैनाती, देखें पूरी लिस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। शासन ने प्रदेश के 239 खंड विकास अधिकारियों (BDO) और 277 नायब तहसीलदारों की तैनाती में बदलाव किया है। इस फैसले के बाद कई अधिकारियों को नए जिलों और कार्यक्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत किए गए इस फेरबदल का असर ब्लॉक और तहसील स्तर पर देखने को मिलेगा।

लखीमपुर खीरी के कई BDO का तबादला

जारी तबादला सूची में लखीमपुर खीरी में तैनात कई खंड विकास अधिकारियों के नाम शामिल हैं। महावीर सिंह, संगीता यादव, जयेश कुमार सिंह, ऋषिकांत अहिरवार और सुमित कुमार सिंह को लखीमपुर से सीतापुर भेजा गया है। इसके अलावा अश्वनी कुमार सिंह को ललितपुर, मोहित कौशिक को बाराबंकी और श्रद्धा गुप्ता को बहराइच में नई तैनाती मिली है। वहीं, दूसरे जिलों से भी अधिकारियों को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। इनमें जालौन के संदीप मिश्रा और महराजगंज के राहुल सागर शामिल हैं।

277 नायब तहसीलदारों के भी तबादले

BDO के साथ-साथ राजस्व विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। राजस्व परिषद ने प्रदेश के 277 नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को पुरानी तैनाती से कार्यमुक्त होकर नए स्थान पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

नई तैनाती पर संभालनी होगी जिम्मेदारी

शासन के निर्देश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए कार्यक्षेत्र में पहुंचकर जिम्मेदारी संभालनी होगी। इस फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में विकास कार्यों और राजस्व संबंधी गतिविधियों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के पास होगी। अधिकारियों की नई तैनाती से स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment