बिहार में नौकरी की बहार, राजस्व विभाग में 5000 पदों पर निकलेगी बंपर भर्ती!

पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में करीब 5,000 पदों पर संविदा के आधार पर बंपर बहाली होने जा रही है। इसकी घोषणा बुधवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। सरकार का लक्ष्य अगले दो से तीन महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का है।

पहले चरण में 3310 पदों पर निकलेगा विज्ञापन

मंत्री ने बताया कि विशेष भूमि सर्वेक्षण के काम में तेजी लाने के लिए यह भर्ती की जा रही है। पहले चरण में 3,310 पदों की रिक्तियां भर्ती एजेंसी को भेज दी गई हैं। इन पदों का विज्ञापन अगले दो से तीन दिनों में जारी होने की जानकारी दी गई है।

पहले चरण में पदों का विवरण इस प्रकार है:

विशेष सर्वेक्षण अमीन : 2,609 पद

कानूनगो : 414 पद

लिपिक : 191 पद

विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी : 96 पद

इसके अलावा करीब 2,000 अतिरिक्त पदों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या लगभग 5,000 हो जाएगी।

2 से 3 महीने में पूरी होगी भर्ती

राजस्व मंत्री के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य अगले दो से तीन महीने के भीतर चयन प्रक्रिया संपन्न कराने का है। ऐसे में राजस्व विभाग में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर हो सकता है। हालांकि, आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

भूदान की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने भूदान की जमीनों को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में भूदान की जमीनों की विशेष जांच कराई जाएगी। जिन लोगों ने अवैध तरीके से इन जमीनों पर कब्जा कर रखा है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य वास्तविक भूमिहीन परिवारों तक इस जमीन का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए भूदान यज्ञ कमेटी को सभी जिलों के डीएम के पास जमीन से जुड़े रिकॉर्ड जमा कराने का निर्देश दिया गया है।

0 comments:

Post a Comment