केंद्र सरकार की भर गई झोली, GST कलेक्शन में 14.7% उछाल

नई दिल्ली। देश में जीएसटी से होने वाली कमाई में सितंबर महीने के दौरान जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सितंबर में कुल ₹2,03,521 करोड़ का GST कलेक्शन हुआ, जो पिछले साल इसी महीने के मुकाबले 14.7 फीसदी अधिक है। वहीं वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल GST संग्रह ₹12,46,278 करोड़ रहा।

नेट GST रेवेन्यू भी बढ़ा

सितंबर के आंकड़ों में CGST से ₹37,762 करोड़, SGST से ₹45,363 करोड़ और IGST से ₹1,20,396 करोड़ का संग्रह हुआ। इस दौरान नेट GST रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.1 फीसदी बढ़कर करीब ₹1,76,520 करोड़ रहा। वहीं, रिफंड की बात करें तो सितंबर में पिछले साल की तुलना में इसमें करीब 3 फीसदी की कमी दर्ज की गई। इससे नेट राजस्व में बढ़ोतरी को भी सहारा मिला।

महाराष्ट्र सबसे आगे, यूपी की बढ़ी कमाई

राज्यों में सितंबर के दौरान महाराष्ट्र सबसे आगे रहा। यहां GST कलेक्शन ₹29,986 करोड़ रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 15 फीसदी ज्यादा है। इसके बाद कर्नाटक में ₹13,884 करोड़ और गुजरात में ₹12,222 करोड़ का संग्रह हुआ। उत्तर प्रदेश में भी GST कलेक्शन में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। राज्य का संग्रह करीब 18 फीसदी बढ़कर ₹8,882 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले साल सितंबर में यह ₹7,516 करोड़ था।

इन राज्यों में दर्ज हुई गिरावट

जहां कई राज्यों में GST संग्रह बढ़ा, वहीं कुछ राज्यों में कमी भी देखने को मिली। सिक्किम में कलेक्शन 51 फीसदी घटकर ₹194 करोड़ रहा। जम्मू-कश्मीर में 29 फीसदी, उत्तराखंड में 23 फीसदी और हिमाचल प्रदेश में 21 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। तमिलनाडु में भी GST राजस्व करीब 5 फीसदी कम हुआ।

0 comments:

Post a Comment