बिहार के इस शहर में रिंग रोड,18 गांवों से गुजरेगी सड़क

न्यूज डेस्क: बिहार के मधुबनी जिले में रिंग रोड निर्माण की घोषणा के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के सर्वे कार्य की शुरुआत हो चुकी है। यह रिंग रोड मधुबनी शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से बनाई जाएगी। 

बता दें की यह रोड मधुबनी शहर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के 18 गांवों से होकर गुजरेगी, जिससे न केवल शहर के भीतर यातायात की स्थिति सुधरेगी, बल्कि ग्रामीण इलाकों के विकास को भी गति मिलेगी। रिंग रोड के निर्माण के लिए प्रस्तावित मार्ग लगभग 7 किलोमीटर लंबा होगा। 

यह रोड बिरसायर से गंगापुर तक बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर लगभग 200 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्चा है। इस रिंग रोड का मुख्य उद्देश्य शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में वाहनों का दबाव कम करना और समय की बचत करना है, जिससे मधुबनी के नागरिकों को बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी।

रिंग रोड की मार्ग योजना

रिंग रोड के लिए दो मुख्य मार्गों का चयन किया गया है, जिनमें एक मुख्य मार्ग दरभंगा-सकरी मुख्य सड़क से शुरू होगा। इस मार्ग में सकरी से पहले कोसी नहर के पूर्वी भाग से होते हुए कनकपुर, मोहम्मदपुर, मकसूदा, लक्ष्मीपुर, सोहराय, कोठिया, बिरसायर, भिट्ठी, समौल, कैटोला होते हुए जीवछ नहर से जगतपुर तक सड़क बनाई जाएगी।

दूसरा मार्ग गंगापुर से शुरू होकर शरहद, शाहपुर, जीतकुंडली, कमलपुर, बडागांव से होते हुए बिरसायर तक जाएगा। इस मार्ग का निर्माण भी रिंग रोड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जो अन्य ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ते हुए यातायात को सुविधाजनक बनाएगा।

मधुबनी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम

रिंग रोड का निर्माण मधुबनी जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है, जो शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ ग्रामीण विकास को भी प्रोत्साहित करेगा। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल शहरवासियों को बेहतर यातायात का अनुभव होगा, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी बुनियादी ढांचे के सुधार की संभावना बढ़ेगी।

0 comments:

Post a Comment