हेल्थ डेस्क: चीन में कोविड-19 के 5 साल बाद एक नया वायरस, ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV), फिर से फैलने लगा है। यह एक RNA वायरस है और इसके लक्षण कोविड-19 से मिलते-जुलते हैं, जैसे खांसी, बुखार, नाक का बंद होना और गले में घरघराहट। खासकर छोटे बच्चों, विशेषकर 2 साल से कम उम्र के बच्चों पर इसका प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है।
चीन के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (CDC) के अनुसार, HMPV के अलावा इन्फ्लुएंजा ए, माइकोप्लाज्मा निमोनिया और कोविड-19 के केस भी सामने आ रहे हैं, जिससे सांस संबंधी समस्याओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। 16 से 25 दिसंबर के बीच इस वायरस के कारण सांस संबंधी समस्याओं के सबसे अधिक मामले सामने आए।
दरअसल सोशल मीडिया पर दावा किया गया है कि चीन में इस वायरस के फैलने के बाद कई स्थानों पर इमरजेंसी घोषित की गई है, और अस्पतालों तथा श्मशान घाटों में भीड़ बढ़ रही है। हालांकि, चीन की सरकार ने ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
HMPV की पहचान 2001 में डच शोधकर्ताओं ने की थी, जब उन्होंने इस वायरस को सांस की बीमारी से जूझ रहे बच्चों के सैंपल में पाया था। यह वायरस हर मौसम में वातावरण में मौजूद होता है, लेकिन सर्दियों में इसके फैलने का खतरा अधिक होता है। याद रहे कि कोरोना वायरस (SARS-CoV-2) का पहला मामला 2019 में चीन के वुहान शहर में ही सामने आया था।

0 comments:
Post a Comment