बिहार के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! राज्य में लागू हुई केंद्र सरकार की नई योजना

पटना। बिहार के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब बाढ़, सूखा या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल बर्बाद होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता कुछ कम होगी। बिहार के सभी जिलों में रबी सीजन 2026-27 से केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) लागू कर दी गई है। 

इसके तहत किसान मामूली प्रीमियम देकर अपनी फसलों का बीमा करा सकेंगे और पात्रता के अनुसार फसल नुकसान होने पर मुआवजे का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। राज्य के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव के मुताबिक, इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान 15 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं।

पांच क्लस्टर में बांटे गए बिहार के जिले

योजना को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए बिहार के सभी जिलों को पांच क्लस्टर में बांटा गया है। इसके संचालन की जिम्मेदारी ICICI Lombard General Insurance Company Limited और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड को दी गई है।

रैयत और गैर-रैयत किसानों को भी लाभ

इस योजना का फायदा केवल अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों तक सीमित नहीं है। रैयत और गैर-रैयत दोनों तरह के किसान इसके लिए पात्र हो सकते हैं। यानी दूसरे की जमीन पर खेती करने वाले किसान भी निर्धारित दस्तावेज और पात्रता की शर्तें पूरी करके फसल बीमा करा सकेंगे।

किसानों को कितना देना होगा प्रीमियम?

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का अधिकतम 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। वहीं, वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए यह सीमा अधिकतम 5 प्रतिशत निर्धारित की गई है। बाकी निर्धारित प्रीमियम का खर्च केंद्र और राज्य सरकार उठाएंगी।

18 फसलों का करा सकेंगे बीमा

बिहार में इस योजना के तहत 18 तरह की अधिसूचित फसलों को शामिल किया गया है। इनमें गेहूं, मक्का, ईख, राई-सरसों, आलू, टमाटर, लीची, केला और अमरूद जैसी फसलें शामिल हैं। हालांकि, बीमा का लाभ संबंधित जिले में अधिसूचित फसल और योजना की शर्तों के अनुसार मिलेगा।

कहां और कैसे करें आवेदन?

इच्छुक किसान अपने नजदीकी बैंक, पैक्स या वसुधा केंद्र (CSC) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in और Crop Insurance App से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment