वाहन चालकों के लिए खुशखबरी! केंद्र सरकार ने बदले PUC के नियम, जानें नई वैधता

नई दिल्ली। वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC को लेकर नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब गाड़ी की उम्र और उसके उत्सर्जन मानक के हिसाब से प्रमाणपत्र की वैधता तय होगी। खास बात यह है कि BS-6 मानक वाली नई निजी गाड़ियों के मालिकों को बार-बार PUC बनवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

BS-6 गाड़ियों को मिलेगी ज्यादा राहत

नए नियमों के मुताबिक, छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों का PUC प्रमाणपत्र अब तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, छह से दस साल पुरानी गाड़ियों के लिए इसकी वैधता एक साल और दस साल से अधिक पुरानी गाड़ियों के लिए छह महीने होगी।

कमर्शियल वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। छह साल तक पुराने BS-6 कमर्शियल वाहनों को दो साल की वैधता मिलेगी। जबकि छह से दस साल पुराने वाहनों को हर साल और दस साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में PUC का नवीनीकरण कराना होगा।

पुराने वाहनों के लिए क्या हैं नियम?

BS-1, BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों के लिए PUC प्रमाणपत्र की वैधता तीन महीने ही रहेगी। वहीं BS-4 वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।

PUC नियमों की नई वैधता अवधि

वाहन की श्रेणी प्रमाणपत्र की वैधता

BS-1, BS-2 और BS-3 : 3 महीने

BS-4:  6 महीने

6 साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ी: 3 साल

6-10 साल पुरानी BS-6 निजी गाड़ी: 1 साल

10 साल से पुरानी BS-6 निजी गाड़ी: 6 महीने

6 साल तक पुराना BS-6 कमर्शियल वाहन: 2 साल

6-10 साल पुराना BS-6 कमर्शियल वाहन:  1 साल

10 साल से पुराना BS-6 कमर्शियल वाहन:  6 महीने

कब से लागू होंगे नए नियम?

ये बदलाव केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के तहत किए गए हैं। नए नियम राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ प्रभावी हो गए हैं। एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि PUC की वैधता खत्म होने से 10 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन करने पर नया प्रमाणपत्र पुरानी वैधता समाप्त होने की तारीख से लागू होगा। बाकी मामलों में नया प्रमाणपत्र नवीनीकरण की तारीख से प्रभावी माना जाएगा।

इस बदलाव से खासकर नई BS-6 गाड़ियां चलाने वाले लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

0 comments:

Post a Comment