यूपी के लिए बड़ी खुशखबरी! अब प्रदेश में बनेंगे मोबाइल-लैपटॉप के चिप, योगी सरकार देगी 145 करोड़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अब इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की तैयारी में है। आने वाले समय में मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और टीवी में इस्तेमाल होने वाले चिप का उत्पादन भी प्रदेश में किया जाएगा। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-28 में सेमीकंडक्टर प्लांट तैयार किया जा रहा है। योगी सरकार ने इस परियोजना को गति देने के लिए 145.71 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

3700 करोड़ रुपये से तैयार होगा प्लांट

यह सेमीकंडक्टर यूनिट एचसीएल समूह और ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की जा रही है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 3,700 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां तैयार होने वाले चिप का इस्तेमाल स्मार्टफोन, लैपटॉप, टैबलेट और टेलीविजन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में किया जाएगा। कंपनी की योजना वर्ष 2028 तक प्लांट को चालू करने की है।

केंद्र और राज्य सरकार से मिलेगी मदद

उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 145.71 करोड़ रुपये की राशि यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड को उपलब्ध कराने की मंजूरी दी है। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से भी इस परियोजना के लिए 242.85 करोड़ रुपये की सहायता प्रस्तावित है। इस आर्थिक सहयोग से प्लांट के निर्माण और दूसरे जरूरी कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

करीब 3780 लोगों को मिलेगा रोजगार

इस परियोजना से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। अनुमान के मुताबिक, प्लांट शुरू होने के बाद करीब 3,780 लोगों को रोजगार मिल सकता है। इनमें 780 लोगों को सीधे कंपनी में नौकरी मिलेगी, जबकि अन्य 3,000 लोगों को इससे जुड़ी गतिविधियों में काम के अवसर मिलेंगे।

बता दें की इस यूनिट के शुरू होने से उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को मजबूती मिलेगी। साथ ही मोबाइल और लैपटॉप जैसे उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले चिप के उत्पादन में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment