झारखंड में 3% बढ़ा महंगाई भत्ता
झारखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के DA और DR में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। वहीं पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 3 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। इससे राज्य के करीब 3 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। बढ़ा हुआ DA 1 जुलाई से लागू माना जाएगा।
मिजोरम में 4% बढ़ा DA
मिजोरम सरकार ने अपने कर्मचारियों को और बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री लालदुहोमा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। इसके बाद कर्मचारियों का DA 46 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है। यह फैसला 1 दिसंबर से लागू होगा।
खास बात यह है कि सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी राहत दी है। उनका महंगाई भत्ता 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा लंबे समय से काम कर रहे कुछ कॉन्ट्रैक्ट और प्रोविजनल कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला भी लिया गया है।
ओडिशा में भी कर्मचारियों को तोहफा
ओडिशा सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसकी घोषणा की। इस बढ़ोतरी के बाद राज्य के कर्मचारियों का DA 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। पेंशनर्स को भी DR में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त राहत मिलेगी। सरकार के इस फैसले से करीब 8.5 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। बढ़ा हुआ DA 1 जुलाई से प्रभावी माना जाएगा।
तीनों राज्यों के कर्मचारियों को कितना फायदा?
झारखंड: DA 60% से बढ़कर 63%, 1 जुलाई से लागू।
मिजोरम: DA 46% से बढ़कर 50%, 1 दिसंबर से लागू।
ओडिशा: DA 60% से बढ़कर 63%, 1 जुलाई से लागू।

0 comments:
Post a Comment