शपथ लेते ही ट्रम्प ने किये 10 बड़े ऐलान, पढ़ें डिटेल

न्यूज डेस्क: 20 जनवरी 2025 को डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी संसद के कैपिटल हिल में अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ के तुरंत बाद उन्होंने अपने 30 मिनट के भाषण में देश और विदेश के लिए अपनी नीतियों में कई बड़े बदलावों का ऐलान किया। 

ट्रंप का यह भाषण उनकी "अमेरिका फर्स्ट" नीति की ओर इशारा करता था, जिसमें उन्होंने दूसरे देशों पर टैरिफ लगाने, जेंडर पहचान पर नई नीति लागू करने, अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने और अन्य मुद्दों पर कड़े रुख अपनाने की बात की।

आइए जानते हैं ट्रम्प के शपथ ग्रहण के बाद के 10 बड़े ऐलान:

1 .अमेरिकी सरकार के लिए सिर्फ 2 जेंडर 

ट्रम्प ने ऐलान किया कि अमेरिकी सरकार में केवल दो जेंडर होंगे—पुरुष और महिला। इसके साथ ही उन्होंने सभी सरकारी सेंसरशिप को रोकने और अमेरिका में अभिव्यक्ति की आज़ादी को पुनः बहाल करने के लिए एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करने का वादा किया। ट्रम्प के इस बयान का कारण उनका चुनाव प्रचार था, जिसमें उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के खिलाफ कई विवादास्पद टिप्पणियाँ की थीं।

2 .अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने का ऐलान

ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बाइडेन प्रशासन की नीतियों को खत्म करेगी, जो अवैध प्रवासियों को शरण देती थीं। उन्होंने इस बात का दावा किया कि अवैध प्रवासियों की वजह से अमेरिका में अपराध बढ़ रहे हैं, और उनकी सरकार इन प्रवासियों को पकड़कर उन्हें उनके देशों में वापस भेजने के लिए कड़े कदम उठाएगी।

3 .पनामा नहर वापस लेने की धमकी का ऐलान

ट्रम्प ने पनामा नहर को वापस लेने की बात की, जो 1999 में अमेरिका ने पनामा देश को दे दी थी। उनका आरोप था कि इस नहर को चीन द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है, जो अमेरिकी जहाजों के लिए महंगा साबित हो रहा है। ट्रम्प ने इसे वापस लेने की योजना का ऐलान किया।

4 .मेक्सिको बॉर्डर पर इमरजेंसी लगाने का ऐलान 

ट्रम्प ने अमेरिका-मेक्सिको बॉर्डर पर एक इमरजेंसी लागू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यहां से होने वाली अवैध एंट्री को रोकने के लिए वह और उनके प्रशासन कठोर कदम उठाएंगे। इससे पहले भी ट्रम्प इस सीमा पर एक दीवार बनाने की योजना का समर्थन कर चुके थे।

5 .दूसरे देशों पर टैरिफ लगाने का भी ऐलान किया 

ट्रम्प ने अपने देश की आर्थिक नीति को बदलने की बात की। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका के बजाय दूसरे देशों पर भारी टैरिफ लगाए जाएंगे, जिससे अमेरिकी नागरिकों को फायदा होगा। उन्होंने BRICS देशों और अन्य देशों के खिलाफ टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी थी।

6 .इलेक्ट्रिक वाहन की अनिवार्यता खत्म करने का ऐलान

ट्रम्प ने ग्रीन न्यू डील को समाप्त करने और इलेक्ट्रिक वाहनों की अनिवार्यता को खत्म करने का ऐलान किया। उनका कहना था कि लोग अपनी पसंद की कार खरीद सकेंगे, और अमेरिका में जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल बढ़ेगा।

7 .मंगल ग्रह पर अंतरिक्ष यात्री भेजने का किया ऐलान 

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका मंगल ग्रह पर अपना झंडा गाड़ेगा। उन्होंने अंतरिक्ष यात्रियों को मंगल पर भेजने की योजना का ऐलान किया। उनके समर्थक और स्पेसएक्स के मालिक इलॉन मस्क ने इसे लेकर उत्साह व्यक्त किया।

8 .मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलने का ऐलान

ट्रम्प ने मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी रखने की योजना बनाई। उन्होंने तर्क दिया कि अमेरिका इस क्षेत्र में सबसे अधिक सक्रिय है और यह इलाका अमेरिका का है।

9 .विदेशी शत्रु अधिनियम 1798 को लागू करने का वादा 

ट्रम्प ने विदेशी शत्रु अधिनियम 1798 को लागू करने की योजना बनाई, जिसके तहत विदेशी गिरोहों और आतंकवादी संगठनों को निशाना बनाया जाएगा। उनका कहना था कि यह कानून अमेरिका को अपराधी गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करने की शक्ति देगा।

10 .हेल्थ सिस्टम और एजुकेशन सिस्टम की आलोचना 

ट्रम्प ने अमेरिकी हेल्थ सिस्टम और एजुकेशन सिस्टम की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हेल्थ सिस्टम इमरजेंसी में असफल रहा है और शिक्षा व्यवस्था बच्चों को खुद पर शर्मिंदा करने की बजाय उन्हें मजबूत बनानी चाहिए।

0 comments:

Post a Comment