बिहार में 2 एयरपोर्ट का विस्तार, 452 करोड़ मंजूर

पटना: बिहार कैबिनेट की शुक्रवार को हुई अहम बैठक में राज्य के दो प्रमुख एयरपोर्ट के विस्तार के लिए कुल 452 करोड़ रुपये की राशि की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रक्सौल और दरभंगा एयरपोर्ट के विकास पर चर्चा हुई, जिसके बाद इन एयरपोर्टों के कायाकल्प के लिए विशेष योजनाओं को लागू करने का निर्णय लिया गया।

दरभंगा एयरपोर्ट बनेगा अंतर्राष्ट्रीय

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए 244.60 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि का उपयोग 89.75 एकड़ अतिरिक्त जमीन के अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। यह कदम दरभंगा एयरपोर्ट की क्षमता को बढ़ाकर इसे एक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे में बदलने के उद्देश्य से उठाया गया है। अक्टूबर 2024 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

रक्सौल एयरपोर्ट का होगा विस्तार

दूसरी ओर, रक्सौल एयरपोर्ट के विकास के लिए बिहार कैबिनेट ने 207.70 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है। यह राशि रक्सौल एयरपोर्ट के लिए 139 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण में उपयोग की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में प्रगति यात्रा के दौरान इस बात का उल्लेख किया था कि रक्सौल एयरपोर्ट के लिए जितनी भी भूमि की आवश्यकता होगी, राज्य सरकार उसे प्रदान करेगी। इसके लिए प्रारंभिक प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

सरकार का यह कदम रक्सौल एयरपोर्ट पर नागरिक सेवाओं को फिर से शुरू करने और इसे बेहतर बनाने के लिए उठाए गए हैं। इन योजनाओं से क्षेत्रीय परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बिहार की अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। इस फैसले के लागू होने से बिहार के दोनों एयरपोर्टों की स्थिति में सुधार होगा, जिससे स्थानीय निवासियों और यात्रियों को बेहतर हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment