न्यूज डेस्क: बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार की सुबह गोपालगंज के एक युवक में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई और शाम होते-होते यह संख्या सात हो गई। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में सीवान के चार संदिग्धों में कोरोना पॉजिटिव निकला और थोड़ी ही देर बाद आरएमआरआई से आई जांच रिपोर्ट में दो लोग पॉजिटिव मिले। एक गया में तो दूसरा बेगूसराय के जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। अब प्रदेश में कोरोना के संक्रमित लोगों की संख्या 22 हो गई है, जिसमें एक की मौत हो चुकी है, जबकि एक को ठीक होने के बाद एम्स से घर भेज दिया गया है।
तेजी से बढ़े मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिन संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनसे जुड़े लोगों को आइसोलेट करने का काम शुरू कर दिया गया है। गोपालगंज में जिस युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है, उसके घर के 20 लोगों को आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को आपात बैठक कर संक्रमित लोगों से जुड़े व्यक्तियों की अधिक से अधिक जांच कराए जाने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि प्रदेश के विभिन्न इलाकों से दिल्ली जमात में भी भाग लेने वाले वापस लौटे हैं, ऐसे लोगों की भी पहचान की जा रही है।
7 नए पॉजिटिव मरीज मिले।
आरएमआरआई में मंगलवार की सुबह हुई जांच में गोपालगंज के एक 35 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। वह खाड़ी देश से वापस लौटा था और उसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी। खांसी, छींक और बुखार की शिकायत के बाद गोपालगंज के सदर अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया था। आइसोलेशन वार्ड से ही उसका नमूना आरएमआरआई भेजा गया था। देर शाम बेगूसराय के भी एक युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
दिल्ली में जमात के बड़े खुलासे के बाद पटना में भी हड़कंप मच गया। मंगलवार को धार्मिक स्थलों पर 17 विदेशी मिले। इनकी स्क्र्रींनग की गई, फिर जांच के लिए नमूने भेजे गए। दिल्ली से बिहार में करीब 60 लोगों के लौटने की जानकारी मिल रही है। एसएसपी उपेंद्र शर्मा का कहना है कि संदिग्धों की जांच की जा रही है।
23 मार्च को कुर्जी में 10 विदेशी नागरिक एक धार्मिक स्थल पर मिले थे, जिनकी स्क्रीनिंग कर उन्हें आइसोलेशन में रखा गया था। 30 मार्च को फुलवारी के एक धार्मिक स्थल पर 7 विदेशी नागरिक और मिले, स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें यहीं पर क्वारंटाइन कर दिया था। मंगलवार को सभी 17 विदेशी नागरिकों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

0 comments:
Post a Comment