यूपी सरकार ने लागू किया नया खतौनी सिस्टम, जानें क्या?

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए नए खतौनी सिस्टम की शुरुआत की है, जिससे अब किसानों को अपनी ज़मीन की संपत्ति के बारे में स्पष्टता मिलेगी। पहले, खतौनी में एक ही खाता संख्या के अंतर्गत कई गाटा नंबर और काश्तकार होते थे, जिससे यह समझना मुश्किल था कि किस काश्तकार का कितना हिस्सा है। इसके कारण भूमि विवाद भी बढ़ने लगे थे और किसानों को कई बार अपनी हिस्सेदारी साबित करने में कठिनाई होती थी। 

लेकिन अब इस नई व्यवस्था के तहत, प्रत्येक गाटे की अलग-अलग खतौनी होगी, जिसमें उस गाटे से संबंधित खातेदार का अंश स्पष्ट रूप से अंकित होगा। इस सुधार से ना सिर्फ भूमि विवादों में कमी आएगी, बल्कि किसानों को अपनी संपत्ति के अधिकारों की रक्षा भी सरलता से हो सकेगी।

क्या है इस नए खतौनी सिस्टम का फायदा?

1 .स्पष्टता और पारदर्शिता: पहले की व्यवस्था में एक ही खतौनी में कई काश्तकारों के नाम होते थे, जिससे यह पता लगाना मुश्किल होता था कि किस काश्तकार का कितनी जमीन है। अब हर गाटे की अलग-अलग खतौनी होगी, जिसमें हर काश्तकार का हिस्सा स्पष्ट रूप से लिखा जाएगा। इससे जमीन के मालिकाना हक को लेकर कोई भ्रम नहीं रहेगा और विवादों को सुलझाना आसान हो जाएगा।

2 .फैमिली के हिस्से का सही निर्धारण: पहले खतौनी में सिर्फ दादा, पिता और बेटे के नाम होते थे, लेकिन अब इसमें हर सदस्य का नाम और उनके हिस्से का विवरण भी होगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि अगर कोई काश्तकार अपनी जमीन बेचता है, तो परिवार के अन्य सदस्य की जमीन बेचने का सवाल नहीं होगा।

3 .जमीन के अधिकारों की सुरक्षा: पुराने खतौनी सिस्टम में यह समस्या थी कि कभी-कभी किसी के हिस्से की जमीन अनजाने में बेची जा सकती थी या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज हो सकती थी। लेकिन नए सिस्टम में नाम के साथ हिस्से का भी उल्लेख होने से यह समस्या खत्म हो जाएगी और भूमि के अधिकार की रक्षा होगी।

4 .आसान सुधार प्रक्रिया: इस नई व्यवस्था के तहत, किसानों को अपने हिस्से में सुधार करवाने के लिए अब ज्यादा झंझट नहीं होंगे। उन्हें सिर्फ अपने संबंधित गाटा नंबर की जानकारी देनी होगी और उनका अंश स्वतः अपडेट हो जाएगा। इससे किसानों को समय और प्रयास की बचत होगी।

कैसे होगी प्रक्रिया?

सरकार ने इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए सुधार प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया में भूमि का अंश निर्धारण किया जाएगा और फिर खतौनी में सभी काश्तकारों के नाम के साथ उनके हिस्से की जमीन का आंकड़ा भी अंकित किया जाएगा। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, किसानों के लिए खतौनी में अपने हिस्से की स्थिति जानना बेहद आसान हो जाएगा।

0 comments:

Post a Comment