न्यूज डेस्क: पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा की स्थिति बनी हुयी हैं। इस हिंसा में 13 लोगों की मौत भी हो चुकी हैं। इसे देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मंगलवार देर रात सीलमपुर में इलाके की स्थिति की समीक्षा करने के लिए पहुंचे हुए थे। बता दें कि पिछले तीन दिनों से चल रही इस हिंसा में अब तक 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में पुलिस ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उत्तर-पूर्वी दिल्ली में उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। तनाव को देखते हुए पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं। ताकि हालात पर काबू पाया जा सके।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि अलग-अलग थानों में 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं। 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन पर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के प्रवक्ता मंदीप सिंह रंधावा के अनुसार उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, बाबरपुर, कर्दमपुरी, सुदामापुरी, घोंडा चौक, करावल नगर, मुस्तफाबाद, चांदबाग, नूरे इलाही, भजनपुरा, गोकुलपुरी में अभी भी तनाव बनी हुई है।

0 comments:
Post a Comment