सरकार का उद्देश्य केवल लाभार्थी बनाना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक प्रगति की सक्रिय भागीदार बनाना है। इसके लिए उन्हें कृषि और गैर-कृषि आधारित आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, पूंजी और बाजार तक पहुँच जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के माध्यम से लागू किया जाएगा। प्रशिक्षित टीमों का लक्ष्य घर-घर जाकर महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ना और उन्हें आजीविका से जोड़ने में मदद करना है। महिलाओं को कृषि, पशुपालन, डेयरी, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, सूक्ष्म उद्योग और सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, उन्हें तुरंत पूंजी सहायता और बाजार में अपने उत्पाद बेचने का समर्थन भी मिलेगा।
‘लखपति दीदी योजना’ मिशन मोड में लागू की जा रही है, जिससे महिलाएं न केवल स्वरोजगार अपनाएँगी बल्कि रोजगार सृजन में भी योगदान देंगी। योजना में प्रशिक्षण, तकनीक, बाजार और वित्त, चारों स्तरों पर महिलाओं को समर्थ बनाने की व्यवस्था की गई है।
इस पहल से न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी स्थायित्व मिलेगा। यूपी सरकार का यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके सपनों को वास्तविकता में बदलने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
0 comments:
Post a Comment