केंद्र सरकार का फैसला, किसानों के लिए 2 बड़ी खुशखबरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में खरीफ विपणन सीजन 2025 के लिए दलहन किसानों को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) ने तुअर (अरहर) और उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित खरीद का ऐलान किया है। यह खरीद दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत की जाएगी।

पहली खुशखबरी: MSP पर पक्की खरीद की गारंटी

NCCF द्वारा तुअर और उड़द की सीधी खरीद से किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से राहत मिलेगी। MSP पर सुनिश्चित खरीद होने से किसानों की आय में स्थिरता आएगी और उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी। खरीफ 2025 के लिए MSP (प्रति क्विंटल): तुअर (अरहर) ₹8,000(प्रति क्विंटल), उड़द(प्रति क्विंटल) ₹7,800, सरकार का मानना है कि इस कदम से दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी।

दूसरी खुशखबरी: बिचौलियों से मुक्ति, सीधे किसानों से खरीद

NCCF अपने संचालित खरीद केंद्रों के माध्यम से किसानों से सीधे दालों की खरीद करेगा। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को उनकी फसल का उचित और पारदर्शी मूल्य मिलेगा। गुणवत्ता जांच, तौल और भुगतान की प्रक्रिया भी तय मानकों के अनुसार की जाएगी।

पंजीकरण कैसे करें?

NCCF के अनुसार, किसान दो तरीकों से पंजीकरण कर सकते हैं। किसान ऑनलाइन आत्म-पंजीकरण कर सकते हैं या नजदीकी NCCF खरीद केंद्र पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, भूमि रिकॉर्ड/खतौनी, मोबाइल नंबर आदि की जरूरत पड़ेगी। पंजीकरण के बाद किसानों को खरीद की तारीख, गुणवत्ता मानक और भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी।

आत्मनिर्भर कृषि की ओर मजबूत कदम

यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देती है और दलहन उत्पादक किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। MSP पर सुनिश्चित खरीद से न केवल किसानों की आमदनी सुरक्षित होगी, बल्कि देश में दालों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

0 comments:

Post a Comment