भूमि अधिग्रहण के लिए बजट जारी
योगी सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल 1734 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी है। इसमें से पहली किस्त के रूप में 995 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत की गई है। शासन ने संबंधित अधिकारियों को मार्च 2026 तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके।
मेरठ से जेवर एयरपोर्ट का सफर आसान
इस लिंक एक्सप्रेसवे के बनने से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना काफी सरल हो जाएगा। अब लोगों को लंबा और जटिल रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा, बल्कि गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे बुलंदशहर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और फिर जेवर एयरपोर्ट तक सीधा संपर्क मिल जाएगा।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और आधुनिक विकास
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) इस परियोजना को ग्रीनफील्ड मॉडल पर विकसित करेगा। करीब 74.3 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर बनाया जाएगा। इसके दोनों ओर 10 से अधिक आवासीय और औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जाने की योजना है, जिससे क्षेत्र में शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस लिंक एक्सप्रेस-वे का पूरा रूट और भूमि उपयोग
यह लिंक एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे के 44.3 किलोमीटर बिंदु, यानी बुलंदशहर के सियाना क्षेत्र से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर बिंदु पर, सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास जाकर जुड़ेगा। इस परियोजना के लिए लगभग 16 गांवों की करीब 740 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिस पर लगभग 1246 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
0 comments:
Post a Comment