सरकार ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 50 हजार युवाओं को अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण देने के लिए 150 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मंजूर किया है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए और नवाचार आधारित पाठ्यक्रम शामिल किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को सीधे रोजगार या स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों को मिलेगा नया रूप
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नए ट्रेड और इकाइयां शुरू करने के लिए 12 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके साथ ही मशीन, उपकरण और संयंत्र खरीदने के लिए 20 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट रखा गया है। इससे आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यावहारिक दक्षता में सुधार होगा।
प्राविधिक शिक्षा के डिजिटलीकरण और सूचना प्रौद्योगिकी नीति को लागू करने के लिए दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है। वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के उन्नयन और सुविधाओं के विस्तार के लिए 2.23 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
एक्सीलेंस सेंटर और बड़े निर्माण कार्य
प्रदेश के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों को टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से एक्सीलेंस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त भूमि खरीद और भवन निर्माण हेतु 613.72 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत पॉलिटेक्निक संस्थानों में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में निर्माण कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर हुई है। इसके अलावा, प्राविधिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग संस्थानों में मशीन और उपकरण खरीदने के लिए 50 लाख रुपये तथा जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट दिया गया है।
रोजगार और आर्थिक प्रगति को मिलेगी रफ्तार
इस अतिरिक्त बजट से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जुड़ा, उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, जिससे तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी। इसके साथ ही कुशल मानव संसाधन तैयार होगा, जो रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी नई गति देगा।
.png)
0 comments:
Post a Comment