CM योगी का फैसला, गांव-गांव चौपाल, लोगों को खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रोजगार को लेकर योगी सरकार की रणनीति अब जमीन पर नजर आने लगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना के तहत प्रदेश के हर गांव में रोजगार, प्रशिक्षण और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की ठोस पहल शुरू की गई है।

सरकार का उद्देश्य है कि हर परिवार तक काम की गारंटी पहुंचे और योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुँचाई जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जाएँ।

गांव-गांव चौपाल

योजना के प्रचार और लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सरकारी कार्यालय, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र और ग्राम सभाओं में पोस्टर, बैनर और वाल पेंटिंग के माध्यम से लोगों को योजना से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही गांव-गांव में लगने वाली चौपालों में संवाद के जरिए सीधे आम लोगों को रोजगार से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

हर पात्र व्यक्ति तक सीधा लाभ

‘जी राम जी’ अधिनियम के तहत रोजगार और आजीविका गारंटी को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इसका लक्ष्य सिर्फ योजना बनाना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। चौपालों में चर्चा के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अवसर, योजनाओं के फायदे और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

लोगों की भागीदारी और सुझाव सीधे प्रशासन तक

सरकार ने तय किया है कि योजना का प्रचार सिर्फ पोस्टर और बैनर तक सीमित नहीं रहेगा। सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, स्कूलों, सामुदायिक हॉल और सार्वजनिक स्थलों पर भी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी संबंधित संदेश साझा किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी व्यक्ति योजना की जानकारी से अछूता न रहे। साथ ही, चौपालों के माध्यम से आमजन अपनी जरूरतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे न केवल योजना का प्रभाव बढ़ेगा बल्कि ग्रामीण लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

0 comments:

Post a Comment