बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी

पटना। बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में अब राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को बिहार के कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बादलों की गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भी भारी वर्षा के आसार

पूर्वानुमान के अनुसार औरंगाबाद, कैमूर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, रोहतास, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

पटना समेत आसपास के जिलों में अलर्ट

राजधानी पटना और उसके आसपास के जिलों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment