पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी! बिहार में शुरू होगा पहला एनिमल ब्लड बैंक

पटना। बिहार में पशु चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (BASU) के बिहार वेटेरिनरी कॉलेज परिसर में अत्याधुनिक क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस नए केंद्र की सबसे खास बात यह होगी कि यहां राज्य का पहला एनिमल ब्लड बैंक विकसित किया जाएगा, जिससे गंभीर रूप से बीमार या घायल पशुओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

आपातकाल में जीवनरक्षक सुविधा

पशुओं के इलाज में कई बार रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ती है, लेकिन समय पर रक्त उपलब्ध न होने के कारण उपचार प्रभावित हो जाता है। प्रस्तावित ब्लड बैंक शुरू होने के बाद जरूरत पड़ने पर पशुओं को सुरक्षित तरीके से रक्त चढ़ाया जा सकेगा, जिससे इलाज की सफलता की संभावना बढ़ेगी और कई पशुओं की जान बचाई जा सकेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा

निर्माणाधीन क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स में पशुओं के इलाज के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें बड़े और छोटे पशुओं के लिए अलग आईसीयू, एडवांस्ड सर्जरी यूनिट, अल्ट्रासोनोग्राफी, एंडोस्कोपी और लैप्रोस्कोपी,ईसीजी और डिजिटल रेडियोग्राफी, ऑनलाइन मरीज पंजीकरण प्रणाली, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था होगी। इन सुविधाओं से न केवल पशुओं का बेहतर उपचार होगा, बल्कि पशु चिकित्सा के छात्रों को आधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा।

हर साल हजारों पशुओं का होता है इलाज

बिहार वेटेरिनरी कॉलेज का वेटेरिनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स पहले से ही राज्य का प्रमुख पशु चिकित्सा केंद्र है। यहां हर वर्ष करीब 15 हजार क्लीनिकल मामलों का उपचार किया जाता है। इसके अलावा लगभग 5 हजार नमूनों की विभिन्न रोगों की जांच भी की जाती है। नया कॉम्प्लेक्स बनने के बाद उपचार क्षमता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार होने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment