यूपी में रेलवे स्टेशनों की बदलेगी सूरत, यात्रियों को खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ मंडल में आने वाले पांच सालों में छह प्रमुख स्टेशनों की क्षमता दोगुणी करने की योजना बनाई गई है। रेलवे मंत्रालय ने शुक्रवार को घोषणा की कि लखनऊ सहित कुल 48 स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफार्म, स्टेबलिंग लाइन, पिट लाइन, शंटिंग और मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के साथ ट्रैक की क्षमता बढ़ाई जाएगी।

लखनऊ के स्टेशनों का विस्तार

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन गोमतीनगर, बादशाहनगर, डालीगंज, लखनऊ सिटी और ऐशबाग जंक्शन स्टेशनों के पुनर्विकास पर तेजी से काम कर रहा है। गोमतीनगर स्टेशन का पुनर्विकास 377 करोड़ रुपये से हो चुका है और फरवरी से यात्री सुविधाएं निजी हाथों में संचालित होंगी।

डालीगंज जंक्शन को 28.45 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा, जबकि ऐशबाग जंक्शन का विकास 24.13 करोड़ रुपये, लखनऊ सिटी स्टेशन का 8.28 करोड़ रुपये और बादशाहनगर स्टेशन का 31.13 करोड़ रुपये से हो रहा है। सभी कार्य जून 2026 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

लखनऊ स्टेशन का बड़ा बदलाव

लखनऊ स्टेशन का पुनर्विकास रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। इसमें दो नए प्लेटफार्म बनाए जाएंगे और प्रवेश व निकास के लिए चार लाइन दिलकुशा तक बनाई जाएगी। आलमनगर की ओर नया स्टेशन भवन तैयार किया जा रहा है। लखनऊ स्टेशन और लखनऊ जंक्शन को भी स्काई वॉक के माध्यम से जोड़ने का काम चल रहा है।

यूपी में अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों का विकास

उत्तर रेलवे के तहत 10 और स्टेशनों का विकास किया जाएगा, जिसमें वाराणसी और अयोध्या भी शामिल हैं। ये परियोजनाएं यात्रियों की सुविधा, स्टेशन की क्षमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाई जा रही हैं।

0 comments:

Post a Comment