यूपी के इस जिले में आज और कल सभी स्कूल बंद

संभल। यूपी के संभल जिले में लगातार बढ़ते घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने 23 और 24 दिसंबर को कक्षा नर्सरी से 12 तक के सभी स्कूलों में शीत अवकाश की घोषणा की है। यह अवकाश परिषदीय, राजकीय, निजी, सहायता प्राप्त और समस्त बोर्ड के स्कूलों पर लागू रहेगा। हालांकि जिन स्कूलों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे अपने कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।

डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने इस आदेश के साथ निर्देश दिए हैं कि अवकाश के दौरान स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और अन्य शैक्षणिक कर्मचारी अपने विभागीय कार्यों और जिम्मेदारियों का पालन करते रहें। उनका कहना है कि लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण बच्चों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह कदम आवश्यक था, ताकि सर्दियों में उनके स्वास्थ्य पर कोई विपरीत असर न पड़े।

संभल जिले में सोमवार को कड़ाके की ठंड का असर पूरे दिन देखा गया। सुबह और शाम के समय तापमान गिरने के कारण लोग अलाव के पास रहकर गर्मी पाने की कोशिश करते नजर आए। रात में घने कोहरे की स्थिति बनी रही, जिससे सुबह 11 बजे तक सड़कों पर दृश्यता कम रही। दोपहर में हल्की धूप ने मौसम में आंशिक राहत दी। जिले का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

0 comments:

Post a Comment