पानी-पानी होगा यूपी! 40 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बादल छाए हुए हैं और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का यह दौर और तेज हो सकता है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भारी वर्षा और कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी खतरा बना रहेगा।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। इसके अलावा लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा असर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय मानसून की सबसे मजबूत गतिविधियां पूर्वी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रही हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और सक्रिय मानसूनी प्रणाली के कारण पूर्वांचल के कई जिलों में लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। रविवार को गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और मुरादाबाद समेत कई इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

22 जुलाई तक बना रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता 22 जुलाई तक बनी रह सकती है। इस दौरान कई जिलों में लगातार बारिश होने की संभावना है, जिससे नदियों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में लगभग 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment