बिहार के नालंदा में इन 4 जगहों पर बनेंगे चेकडैम

न्यूज डेस्क: बिहार के नालंदा जिले में किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने जिले में चार प्रमुख नदियों पर चेकडैम बनाने का निर्णय लिया है। इन चेकडैमों का निर्माण गोइठवा, पंचाने, नोनाइन और जिरायन नदियों पर किया जाएगा। इस परियोजना से बिहारशरीफ, नगरनौसा और पटना के दनियावां प्रखंड के हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और उनका कृषि कार्य सुलभ हो सकेगा।

यह योजना राज्य सरकार की सात निश्चय पार्ट-2 योजना के तहत शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य हर खेत तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाना है। परियोजना के लिए 4 करोड़ 34 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, और यह किसानों के जीवन में बड़े बदलाव लाने वाली है।

किसानों को मिलेगा कई फायदे:

चेकडैम बनने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या नहीं होगी, जिससे कृषि कार्य में आसानी होगी। किसान अब खरीफ और रबी दोनों प्रकार की फसलों की सिंचाई आसानी से कर सकेंगे, जिससे उनकी फसल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। चेकडैम बाढ़ के पानी को रोकने में मदद करेंगे, जिससे किसानों को बाढ़ के नुकसान से बचाव होगा।

वहीं, चेकडैम से भूजल स्तर में सुधार होगा, जिससे आने वाले समय में पानी की कमी की समस्या कम हो सकती है। साथ ही चेकडैम में पानी जमा होने से मछली पालन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों के लिए आय का एक नया स्रोत बन सकता है।

कहां बनेंगे चेकडैम:

गोइठवा नदी (बिहारशरीफ) में चेकडैम का निर्माण छबिलापुर के पास किया जाएगा।

जिरायन नदी (बिहारशरीफ) पर चेकडैम का निर्माण देवकली के पास किया जाएगा।

पंचाने नदी (बिहारशरीफ) पर चेकडैम का निर्माण मघरा के पास किया जाएगा।

नोनाइन नदी (नगरनौसा) पर चेकडैम का निर्माण मोनियमपुर के पास किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment