25 जनवरी तक आवेदन
शिक्षा विभाग के अनुसार, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रशिक्षित शिक्षक प्रतिनियुक्ति के लिए 25 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रतिनियुक्ति प्रधानाध्यापक, माध्यमिक शिक्षक और उच्च माध्यमिक शिक्षक के पदों पर की जाएगी।
किन जिलों में होगी तैनाती
फिलहाल दो अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता है। किशनगंज स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, दरभंगा स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय। किशनगंज विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाएंगे।
उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए विषय
उच्च माध्यमिक (11वीं–12वीं) कक्षा के लिए जिन विषयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति होगी, वे हैं अंग्रेजी, हिन्दी, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, कम्प्यूटर, इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, गृह विज्ञान, मनोविज्ञान और अर्थशास्त्र।
माध्यमिक कक्षाओं के लिए विषय
माध्यमिक (9वीं–10वीं) कक्षा के लिए प्रतिनियुक्ति जिन विषयों में की जाएगी, उनमें शामिल हैं अंग्रेजी, हिन्दी, अरबी, फारसी, समाजशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, संगीत/कला, कम्प्यूटर, विज्ञान और गणित।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की पहले स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद प्रत्येक विषय में उपलब्ध पदों की संख्या से दोगुने आवेदकों की सूची प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जाएगी। चयन में मुख्य रूप से शैक्षणिक योग्यता, शिक्षण अनुभव, संबंधित विषय में विशेषज्ञता को आधार बनाया जाएगा। चयनित शिक्षकों की सूची अनुशंसा के रूप में शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी।
तीन वर्षों के लिए होगी प्रतिनियुक्ति
चयनित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की अवधि तीन वर्ष होगी। शिक्षा विभाग की सहमति से इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, सेवानिवृत्ति से एक वर्ष पहले संबंधित शिक्षक को उनके मूल विभाग में वापस कर दिया जाएगा।
416 पद पहले से स्वीकृत
गौरतलब है कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित 13 अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों के लिए कुल 416 शैक्षणिक पद स्वीकृत हैं। आने वाले समय में अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।

0 comments:
Post a Comment