यूपी में बनेगा 6-लेन हाई स्पीड कॉर‍िडोर, इन जिलों को खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अयोध्या और वाराणसी के बीच एक नई 6-लेन हाई-स्पीड एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर बनने जा रहा है। इस परियोजना से न सिर्फ यात्रा का समय आधा हो जाएगा, बल्कि धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

एनएचएआई ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराने हेतु कंसल्टेंट एजेंसी चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना निदेशक अवनीश सिद्धार्थ के अनुसार, डीपीआर तैयार करने में कम से कम डेढ़ वर्ष का समय लगेगा।

हाई-स्पीड कॉरिडोर के बनने के बाद अयोध्या-वाराणसी की दूरी लगभग 50 किलोमीटर घटकर 200 किलोमीटर रह जाएगी और इसे तय करने में सिर्फ दो घंटे लगेंगे। वर्तमान में यह यात्रा चार से पांच घंटे में पूरी होती है। समय की बचत से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉरिडोर मयाबाजार ब्लॉक से शुरू होकर अंबेडकरनगर जिले तक जाएगा, और इसका जीरो प्वाइंट रामपुर हलवारा होगा। दशरथ समाधि से सीधे जुड़ाव के कारण वाराणसी से अयोध्या तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा यह परियोजना प्रयागराज और चित्रकूट से भी जुड़कर पूर्वांचल की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।

इस हाई-स्पीड कॉरिडोर से पहले अयोध्या में 67 किलोमीटर लंबी रिंग रोड तैयार की जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 2,500 करोड़ रुपये है। रिंग रोड बनने के बाद अयोध्या, गोंड़ा और बस्ती जिलों के बीच कनेक्टिविटी और भी बेहतर होगी। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment