15 मुख्यमंत्रियों को किया गया शामिल
इस सर्वे में कुल 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन किया गया। इनमें पहले 10 स्थान पाने वालों को 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर' श्रेणी में रखा गया, जबकि 11वें से 15वें स्थान तक के नेताओं को 'मुख्यमंत्री पंचरत्न' श्रेणी में जगह दी गई। रैंकिंग तैयार करने के लिए आयोजकों ने करीब तीन से चार महीने तक सर्वे किए जाने की जानकारी दी है।
तीन चरणों में जुटाई गई जानकारी
आयोजकों के मुताबिक, सर्वे में लोगों की राय जानने के लिए तीन स्तरों पर जानकारी जुटाई गई। पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में मुख्यमंत्रियों को लेकर सामने आई प्रतिक्रियाओं और चर्चाओं का अध्ययन किया गया। दूसरे चरण में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों, बुद्धिजीवियों और प्रतिष्ठित लोगों की राय शामिल की गई। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और विचार जाने गए।
इन 10 मानकों पर तैयार हुई रैंकिंग
मुख्यमंत्रियों का आकलन करने के लिए 10 प्रमुख मानक निर्धारित किए गए थे। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कार्यशैली एवं परिणाम शामिल थे। इन सभी पहलुओं पर मिले अंकों को जोड़कर 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग बनाई गई।
योगी के बाद धामी और हिमंत बिस्वा सरमा
सर्वे के जारी नतीजों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे। पुष्कर सिंह धामी को 881 अंक मिले, जबकि हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंक हासिल किए। इस तरह शीर्ष तीन स्थानों पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और असम के मुख्यमंत्री रहे।
ध्यान दें: यह फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से कराया गया निजी सर्वे है। इसमें दी गई रैंकिंग आयोजकों की सर्वे प्रक्रिया और निर्धारित मानकों पर आधारित है।

0 comments:
Post a Comment