ओडिशा में प्रशासन अलर्ट, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी
संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए तलहटी में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। संवेदनशील इलाकों के निवासियों से भी सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। यानम में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सप्ताह की शुरुआत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। केरल और माहे में भी तेज बारिश का अनुमान है।
उत्तर भारत में फिलहाल राहत
पूर्वी और दक्षिणी भारत में जहां बारिश का खतरा बढ़ रहा है, वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग इस नए सिस्टम की दिशा और ताकत पर लगातार नजर रख रहा है। इसकी वास्तविक तीव्रता और संभावित रास्ते को लेकर आगे के अपडेट महत्वपूर्ण होंगे। ऐसे में तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करना चाहिए।

0 comments:
Post a Comment