यूपी सरकार की बड़ी घोषणा, दिव्यांगजनों के लिए खुशखबरी! हर मंडल में लगेगा दीपावली मेला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक खास पहल की है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग प्रदेश के सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित करेगा। इन मेलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सामान और अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने उत्पाद बेचने का अवसर भी मिलेगा।

मेले के आयोजन के लिए तय हुआ बजट

सरकार ने लखनऊ मंडल को छोड़कर प्रदेश के प्रत्येक मंडल में मेले के आयोजन के लिए 3 लाख रुपये निर्धारित किए हैं। वहीं, लखनऊ मंडल के लिए 7 लाख रुपये का बजट रखा गया है। विभाग ने सभी मंडलों और जिलों के अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाकी मंडलों और जनपदों से आयोजन संबंधी प्रस्ताव जल्द भेजने को कहा गया है।

दिव्यांगजनों को मिलेगा हुनर दिखाने का मौका

इन मेलों के जरिए दिव्यांगजन अपने बनाए उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे। इससे उन्हें सामान की बिक्री बढ़ाने, नए ग्राहक बनाने और आमदनी के अवसर हासिल करने में मदद मिल सकती है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके हुनर के आधार पर आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है।

0 comments:

Post a Comment