बिहार के इन 4 शहरों में बनेंगे नए एयरपोर्ट

न्यूज डेस्क: हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए बिहार के चार प्रमुख शहरों में नए एयरपोर्ट का निर्माण शुरू किया जाएगा। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के गोपालगंज, बेगूसराय, मुंगेर और डेहरी-ओन-सो का चयन बिहार के हवाई यातायात को और बेहतर बनाने के लिए किया गया है, ताकि राज्य के विभिन्न हिस्सों को एक दूसरे से जोड़ा जा सके और हवाई यात्रा के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहन मिले।

केंद्र सरकार का दिशा-निर्देश

केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए पटना स्थित भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत इन शहरों में एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं और उपयोगिता का गहन अध्ययन किया जाएगा। AAI की टीम इन शहरों का निरीक्षण कर यह देखेगी कि यहां छोटे विमानों के लिए एयरपोर्ट का निर्माण करना संभव है या नहीं, और इसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे की उपलब्धता कैसी है।

बेगूसराय और मुंगेर में तैयारियां जारी

इस प्रक्रिया में बेगूसराय और मुंगेर का निरीक्षण पहले ही हो चुका है, और बेगूसराय में रनवे के निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किया जा चुका है। यहां एयरपोर्ट परिसर के आसपास चहारदीवारी का निर्माण भी जल्द ही शुरू होगा। AAI के अधिकारियों ने बताया कि इन शहरों में छोटे विमानों के लिए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है, जिससे यात्रा की सुविधा को बढ़ाया जाएगा और स्थानीय विकास को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

गोपालगंज और डेहरी-ओन-सोन में निरीक्षण

अब, गोपालगंज और डेहरी-ओन-सोन में AAI की टीम जल्द ही निरीक्षण करेगी। अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों पर एयरपोर्ट की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा और यात्रियों की संख्या, बुनियादी ढांचा, तकनीकी आंकड़े इत्यादि जुटाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य बिहार के विभिन्न क्षेत्रों को एक दूसरे से जोड़कर राज्य की समग्र प्रगति में योगदान करना है।

0 comments:

Post a Comment