बिहार में बनेगा 36 किमी 4-लेन सड़क, इन जिलों को खुशखबरी

पटना। बिहार के सड़क ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। औरंगाबाद जिले में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को कम करने के लिए एनएच-139 पर 36 किलोमीटर लंबा फोरलेन ग्रीनफील्ड बाईपास बनाने की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुका है और मंजूरी मिलते ही काम शुरू होने की उम्मीद है।

नई जमीन पर बनेगा आधुनिक बाईपास

यह बाईपास पूरी तरह ग्रीनफील्ड परियोजना के तहत बनाया जाएगा, यानी इसे नई जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसकी शुरुआत औरंगाबाद सदर क्षेत्र के खैरी मोड़ से होगी और यह रायपुरा होते हुए रिसियप और अंबा बाजार के पश्चिमी हिस्से से गुजरते हुए आगे जुड़ेगा।

एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

इस परियोजना की खास बात यह है कि यह बाईपास प्रस्तावित वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा। इससे लंबी दूरी के वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे बाईपास से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

ट्रैफिक और हादसों में आएगी कमी

औरंगाबाद शहर, रिसियप और अंबा बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। बाईपास बनने के बाद शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।

अन्य सुधार भी होंगे शामिल

इस परियोजना के साथ ही एनएच-139 के कुछ हिस्सों को चौड़ा करने, ओबरा बाजार के लिए अलग बाईपास और अंबा-नबीनगर मार्ग पर अंडरपास बनाने की भी योजना बनाई गई है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

0 comments:

Post a Comment