पहली खुशखबरी:
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के छोटे और सीमांत किसानों के लिए सबसे अहम योजनाओं में गिनी जाती है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
अब केंद्र सरकार ने इस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके लिए करीब 3.15 लाख करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है। इस निर्णय के बाद आने वाले पांच वर्षों तक पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलता रहेगा।
दूसरी खुशखबरी:
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (PM-SSY) को भी मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य देश के जलाशयों और बड़े जल निकायों पर फ्लोटिंग सोलर परियोजनाएं विकसित करना है।
योजना के तहत 5,070 करोड़ रुपये के निवेश से 5,000 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर क्षमता विकसित की जाएगी। इसके साथ ऊर्जा भंडारण (स्टोरेज) की सुविधा भी विकसित होगी, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और प्रभावी बन सकेगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा और राज्यों को बिजली की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
तीसरी खुशखबरी:
सरकार का अनुमान है कि प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना से देश में 16 हजार से 17 हजार तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं के लिए आवश्यक उपकरणों के घरेलू निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे 'मेक इन इंडिया' अभियान को मजबूती मिलेगी।
पर्यावरण के लिहाज से भी यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके जरिए हर साल लगभग 1 करोड़ टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
किसानों और राज्यों को मिलेगा लाभ
इन फैसलों का लाभ देशभर के पात्र किसानों के साथ-साथ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलेगा। एक ओर PM-Kisan योजना किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करेगी, वहीं दूसरी ओर नई सोलर योजना ऊर्जा उत्पादन, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेगी।

0 comments:
Post a Comment