यूपी सरकार का बड़ा कदम, महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में 'परिवार संतृप्तिकरण अभियान' शुरू किया है। यह विशेष अभियान 5 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसका मकसद ऐसे परिवारों की पहचान करना है, जिनकी महिलाएं अभी तक स्वयं सहायता समूह या ग्रामीण आजीविका मिशन से नहीं जुड़ी हैं।

घर-घर जाकर होगी पात्र परिवारों की पहचान

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत और विकासखंड स्तर पर नियुक्त अधिकारी गांवों में घर-घर पहुंचकर सर्वे करेंगे। इस सर्वे के माध्यम से उन परिवारों की सूची तैयार की जाएगी, जिनकी महिलाएं अभी स्वयं सहायता समूहों का हिस्सा नहीं हैं। पहचान होने के बाद उन्हें समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे वे सरकारी सहायता और आजीविका कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैंकिंग सेवाओं से बढ़ेगी आर्थिक मजबूती

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान पात्र स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते प्राथमिकता के आधार पर खोले जाएं। बैंक खाते सक्रिय होने से समूहों को सरकारी वित्तीय सहायता, बैंक ऋण और अन्य योजनाओं का लाभ सीधे मिलेगा। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए छोटे व्यवसाय शुरू करना और अपने कार्य का विस्तार करना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।

हर पात्र परिवार तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं और आजीविका के अवसरों से वंचित न रह जाए। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाओं को आय बढ़ाने वाले कार्यों से जोड़ा जाए, ताकि वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बन सकें।

गांवों में बढ़ेंगे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद गांवों में कई नए रोजगार के अवसर विकसित होने की संभावना है। खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई, कृषि आधारित लघु उद्योग और अन्य घरेलू उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन भी तैयार होंगे।

0 comments:

Post a Comment