योगी सरकार के दी सौगात, 10वीं पास छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कक्षा 10 पास पात्र छात्रों के लिए राहत की खबर है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी या अन्य वजहों से छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अब दोबारा मौका दिया जा रहा है। सरकार ने लंबित आवेदनों को पूरा कर पात्र छात्रों को इसी वित्तीय वर्ष में भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सितंबर में होगी आवेदन प्रक्रिया

शासन की तय समय-सारिणी के अनुसार 1 से 7 सितंबर तक शिक्षण संस्थान अपना मास्टर डाटा अपडेट करेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय और संबंधित संस्थान 2 से 8 सितंबर तक फीस समेत जरूरी विवरणों का सत्यापन करेंगे। वहीं, 3 से 9 सितंबर के बीच जिला समाज कल्याण अधिकारी स्तर पर आवेदनों की जांच होगी। इसके बाद एनआईसी की ओर से डेटा की स्क्रूटनी की जाएगी।

गलत आवेदन में सुधार का भी मौका

जिन आवेदनों में कोई कमी या गलती मिलेगी, उन्हें 11 से 15 सितंबर तक संस्थानों के लॉगिन पर उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थानों को 16 से 18 सितंबर के बीच जरूरी सुधार करने होंगे। इसके बाद पात्र और सत्यापित आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।

29 सितंबर से खाते में आएगा पैसा

सभी स्तर की जांच पूरी होने के बाद जिला स्तरीय समिति सही डाटा को लॉक करेगी। इसके बाद 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच पीएफएमएस के जरिए पात्र छात्रों के आधार से जुड़े या एनपीसीआई से मैप्ड बैंक खातों में छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी जाएगी। इस योजना का लाभ एससी, एसटी, सामान्य, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के उन पात्र छात्रों को मिलेगा, जो पिछली प्रक्रिया में तकनीकी या अन्य कारणों से भुगतान से वंचित रह गए थे।

0 comments:

Post a Comment