यूपी में बनेगा अत्याधुनिक बस पोर्ट, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश में 23 बस स्टेशनों को अत्याधुनिक बस पोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनका निर्माण पीपीपी मॉडल के तहत किया जा रहा है। पहले चरण में लखनऊ के विभूति खंड गोमती नगर, चारबाग और अमौसी बस स्टेशन को चुना गया है।

दिसंबर में शुरू हो सकता है गोमतीनगर बस पोर्ट

गोमतीनगर के विभूति खंड में बन रहा बस पोर्ट करीब 30 हजार वर्ग मीटर में तैयार किया जा रहा है। इसका निर्माण अंतिम चरण में है और दिसंबर के पहले सप्ताह में इसे यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी है। यहां करीब 70 बस प्लेटफॉर्म के साथ क्षेत्रीय डिपो कार्यशाला भी बनाई जा रही है।

इलेक्ट्रिक बसों का बनेगा बड़ा हब

इस बस पोर्ट की सबसे खास बात यह होगी कि यहां डीजल बसों के बजाय इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन यहां से करने की योजना है। इसी दिशा में परिवहन निगम 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है।

यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

नए बस पोर्ट में बड़ा एसी वेटिंग लाउंज, डिजिटल स्क्रीन पर बसों का लाइव शेड्यूल और ऑटोमैटिक टिकटिंग जैसी सुविधाएं होंगी। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट व एस्केलेटर की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और आधुनिक सुरक्षा चौकी भी बनाई जाएगी।

इसके अलावा फूड कोर्ट, रिटेल स्टोर, मनोरंजन क्षेत्र, पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, मेडिकल सुविधा, फार्मेसी, एटीएम और क्लॉक रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यात्रियों और बिजनेस यात्रियों के लिए होटल व स्टूडियो अपार्टमेंट और कंपनियों के लिए ऑफिस स्पेस भी प्रस्तावित है।

0 comments:

Post a Comment