न्यूज डेस्क: कोरोना संकट के कारण लोग अपने घरों से निकल नहीं पा रहें हैं। जिसे देखते हुए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया हैं। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) से बात की. सुशील कुमार मोदी ने आश्वस्त किया कि थोड़े विलम्ब के बावजूद सभी गरीबों को अगले तीन महीने तक प्रति महीने एक-एक किलोग्राम दाल की आपूर्ति की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही घोषणा की थी कि राशनकार्डधारी सभी व्यक्तियों को 5 किलोग्राम चावल और प्रति परिवार 1 किलोग्राम मुफ्त दाल अगले 3 महीने तक वितरण किया जाना है.
उपमख्यमंत्री सुशील मोदी को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि देश में पहली बार नेफेड की ओर से प्रतिमाह 19.55 करोड़ परिवारों को 1.95 लाख मीट्रिक टन दाल की आपूर्ति की जानी है. नेफेड के बफर स्टॉर में प्रचूर मात्रा में दलहन उपलब्ध है, लेकिन उसकी मिलिंग कराने और ट्रकों से जिलों में और रेल रैक प्वाइंट तक भेजने में समय लगा रहा है. वैसे, बिहार के कैमूर, बक्सर और रोहतास जिले में दाल की पहली खेप पहुंच चुकी है और अन्य जिलों में भी शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
सुशील मोदी ने प्रदेश के सभी राशनकार्डधारी गरीबों से अपील की है कि वे धैर्य रखें, तीन महीने का तीन किलोग्राम दाल उन्हें जरूर मिलेगा. जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों को उन्होंने चेतावनी दी है कि वे सुबह 07 बजे से शाम 04 बजे तक अपनी दुकान खोल कर रखें और संकट की इस घड़ी में गरीबों की मदद करें. उन्होंने कहा कि खराब चावल देने और कमतौली करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.

0 comments:
Post a Comment