बिहार में पेंशन दर में भारी बढ़ोतरी, अब मिलेगी ₹1100 प्रति माह

पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाकर एक बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। उन्होंने शनिवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अब सभी लाभार्थियों को ₹400 की जगह ₹1100 प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।

जुलाई से लागू होगी नई दर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह नई पेंशन दर जुलाई महीने से लागू होगी। सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हर महीने की 10 तारीख को ₹1100 भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। इसका सीधा लाभ 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को मिलेगा, जिनमें बड़ी संख्या में विधवा महिलाएं और वृद्धजन शामिल हैं।

चुनावी समीकरणों से जुड़ती तस्वीर

हालांकि अभी विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक जानकार इस फैसले को आगामी चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। इसे नीतीश कुमार की एक रणनीतिक चाल माना जा रहा है, जिससे वे महिला मतदाताओं और बुजुर्ग वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं।

सामाजिक सरोकार या राजनीतिक दांव?

जहां एक ओर इस घोषणा को जनकल्याण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया जा रहा है, वहीं विपक्षी दल इसे "चुनावी लॉलीपॉप" करार देने से नहीं चूक रहे हैं। मगर इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इस योजना से लाखों जरूरतमंदों को सीधी वित्तीय मदद मिलेगी, जिससे उनकी जीवनशैली में सुधार की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment