8वें वेतन आयोग: ग्रुप-C और ग्रुप-D कर्मचारियों की कितनी होगी सैलरी?

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर बड़ी उम्मीदें हैं। खासकर ग्रुप-C और ग्रुप-D के कर्मचारियों की नजर नई सैलरी पर टिकी हुई है। नए वेतन आयोग के लागू होने के बाद कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के आधार पर नई सैलरी के कई अनुमान सामने आ रहे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

ग्रुप-D कर्मचारियों की कितनी हो सकती है नई सैलरी?

वर्तमान में 7वें वेतन आयोग के तहत ग्रुप-D के लेवल-1 कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। अगर 8वें वेतन आयोग में 1.92 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो यह बढ़कर करीब 34,560 रुपये हो सकती है। वहीं, 2.28 फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से बेसिक सैलरी 41,040 रुपये और 2.86 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर 51,480 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इस श्रेणी में चपरासी, एमटीएस और रेलवे के लेवल-1 कर्मचारी आते हैं।

ग्रुप-C कर्मचारियों को भी मिल सकता है बड़ा फायदा

ग्रुप-C के लेवल-2 कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी 19,900 रुपये है। अनुमान के मुताबिक 1.92 फिटमेंट फैक्टर पर यह करीब 38,208 रुपये, 2.28 पर 45,372 रुपये और 2.86 पर 56,914 रुपये हो सकती है।

इसी तरह लेवल-3 के कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी 21,700 रुपये है, जो अलग-अलग अनुमानों के अनुसार 41,664 रुपये से 62,062 रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं, लेवल-4 में अभी 25,500 रुपये बेसिक पाने वाले कर्मचारियों की सैलरी 48,960 रुपये से 72,930 रुपये तक होने का अनुमान है।

लेवल-5 के कर्मचारियों की बात करें तो उनकी वर्तमान शुरुआती बेसिक सैलरी 29,200 रुपये है। 1.92 फिटमेंट फैक्टर पर यह लगभग 56,064 रुपये, 2.28 पर 66,576 रुपये और 2.86 फिटमेंट फैक्टर पर 83,512 रुपये तक हो सकती है। इस श्रेणी में सीनियर क्लर्क और ऑडिटर जैसे पद शामिल हैं।

HRA और DA में भी हो सकता है बदलाव

8वें वेतन आयोग के लागू होने पर कर्मचारियों को केवल बेसिक सैलरी में ही फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि HRA और ट्रैवल अलाउंस जैसे भत्तों में भी बदलाव हो सकता है। नया वेतनमान लागू होने पर महंगाई भत्ते (DA) की गणना नई बेसिक सैलरी के आधार पर शुरू होगी। हालांकि, वास्तविक इन-हैंड सैलरी शहर की श्रेणी, भत्तों और दूसरी कटौतियों पर निर्भर करेगी।

कब लागू होगा 8वां वेतन आयोग?

8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में किया गया था। आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से रिपोर्ट मई 2027 तक आने की उम्मीद है। आयोग के लिए 1 जनवरी 2026 संभावित प्रभावी तारीख मानी जा रही है, लेकिन नई सैलरी और फिटमेंट फैक्टर को लेकर अभी अंतिम सरकारी घोषणा नहीं हुई है।

0 comments:

Post a Comment